संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार आस्था के केंद्र श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा।
कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचेंगे और पारंपरिक पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
धाम में कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। यात्रा मार्ग पर सड़क मरम्मत, यातायात व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, आवास, खान-पान और विद्युत व सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा हर दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा सहायता केंद्र (एमआरपी) स्थापित किए गए हैं।
पैदल मार्ग और धाम क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए आधुनिक शौचालय और गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा का अनुभव मिल सके।
देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है। राजस्थान के शेर सिंह, ऋषिकेश के सौरभ कालरा, देहरादून के ध्रुव, चमोली के पुष्पा बिष्ट व नरेंद्र बिष्ट तथा पौड़ी की सोनाली नेगी सहित कई श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि कपाट खुलने से एक दिन पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली धाम पहुंच रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है।


