संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार
डोबरा-चाटी के पास फ्लोटिंग हटमेंट टूटकर बहे, SDRF ने रात में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
टिहरी गढ़वाल। State Disaster Response Force ने डोबरा-चाटी क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के बीच बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना शुक्रवार देर शाम की है, जब झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गए।
आपदा कंट्रोल रूम, टिहरी गढ़वाल से मिली सूचना के अनुसार शाम करीब 7:45 बजे SDRF टीम को जानकारी दी गई कि डोबरा-चाटी के पास कई लोग फ्लोटिंग हटमेंट में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट कोटी कॉलोनी से एसआई नरेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर SDRF टीम ने देखा कि तेज आंधी-तूफान के कारण फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होकर बह गए थे। इसके बाद टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालकर पर्यटन विभाग की बोट के माध्यम से कोटी कॉलोनी पहुंचाया।
समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से बड़ा हादसा टल गया। SDRF की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने सराहना
की।


