संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार
भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करते हुए असम और पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं पुडुचेरी में पार्टी गठबंधन की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। इन सफलताओं के बाद अब बीजेपी का पूरा ध्यान आने वाले महीनों में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों पर केंद्रित हो गया है।
इन सात राज्यों में गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। पूर्वी भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के बाद पार्टी अब अगले चुनावी चरण की तैयारियों में तेजी से जुट गई है। पार्टी ने इन राज्यों में चुनावी तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं। संगठनात्मक स्तर पर जमीनी काम को तेज किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हालिया चुनावों के बाद अब पूरा फोकस आगामी विधानसभा चुनावों पर रहेगा और रणनीति को और धार दी जाएगी।
हाल के दिनों में पार्टी नेतृत्व ने गोवा, गुजरात और उत्तर प्रदेश का दौरा कर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठकें की हैं। इन बैठकों में चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। जल्द ही उत्तराखंड दौरे की भी योजना है, जहां चुनावी माहौल तेजी से बन रहा है।वर्तमान राजनीतिक स्थिति की बात करें तो बीजेपी उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सत्ता में है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है।
दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हालिया जीत का जश्न मनाते हुए पार्टी नेतृत्व ने कहा कि इन नतीजों से यह स्पष्ट होता है कि जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर कायम है। पार्टी का कहना है कि यह विस्तार केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि जनविश्वास का विस्तार भी है।
अगर हालिया चुनावी नतीजों पर नजर डालें तो पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 126 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत का आंकड़ा पार किया। पार्टी ने असम में अकेले 82 सीटों पर जीत हासिल की।
हालांकि दक्षिण भारत में पार्टी को मिश्रित परिणाम मिले। तमिलनाडु में सहयोगी दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के बावजूद केवल एक सीट पर जीत मिली, जबकि केरल में पार्टी ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए तीन सीटें हासिल कीं। इन नतीजों के बाद बीजेपी अब अगले चुनावी मुकाबलों में अपनी स्थिति और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।


