सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रजत जयंती समारोह में मेधावी बच्चों को सम्मानित किया।
संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार उत्तराखंड वन विकास निगम के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं मंडल में निगम का कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने वन क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए बी-बॉक्स योजना का प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान निगम कर्मचारियों के उन बच्चों को सम्मानित किया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि वन विकास निगम राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। निगम द्वारा वनों का वैज्ञानिक प्रबंधन, वन उपज का टिकाऊ दोहन, इको-टूरिज्म संचालन और प्रमाणित लकड़ी की आपूर्ति जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने “हिमकाष्ठ” मोबाइल एप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस एप के माध्यम से लकड़ी की बिक्री और फॉरेस्ट उत्पादों की ई-नीलामी ऑनलाइन की जा सकेगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम ने पिछले वर्ष 167 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो उसकी बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक संपदा जंगल, नदियां, ग्लेशियर और जैव विविधता—हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण जरूरी है। उन्होंने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे जंगलों और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें। कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में इकोनॉमी और इकोलॉजी के संतुलन के साथ वन संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 627 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, डॉ मोहन सिंह बिष्ट, सुरेश गड़िया, प्रमोद नैनवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी
मौजूद रहे।


