श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन
संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार/हरिद्वार श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में एक दिवसीय स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जाँच की गई तथा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिए गए।
यह शिविर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार के मुख्य संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संयोजन योग विभाग प्रभारी श्री मनोज कुमार गिरी द्वारा किया गया।
चिकित्सा शिविर के सफल आयोजन में योग विभाग की ओर से श्री अतुल मैखुरी जी, श्रीमती रश्मि जी एवं डॉ. अंकित कुमार जी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
शिविर में मुख्य चिकित्सक के रूप में चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र कुमार एवं उनकी अनुभवी मेडिकल टीम उपस्थित रही। डॉ. सत्येंद्र कुमार व उनकी टीम ने शिविर में आए सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें मुख्य रूप से रक्तचाप, शुगर, शारीरिक क्षमता एवं सामान्य मौसमी बीमारियों से संबंधित जाँचें शामिल रहीं।
कार्यक्रम के मार्गदर्शक एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। अध्ययन और अध्यापन के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना भी अत्यंत आवश्यक है।”
शिविर के संयोजक श्री मनोज कुमार गिरी (प्रभारी, योग विभाग) ने उपस्थित सभी चिकित्सकों, योग विभाग के सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भविष्य में भी महाविद्यालय द्वारा इस प्रकार के जनस्वास्थ्य एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारी वर्ग तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


