इज्जतनगर रेलवे वर्कशॉप की समस्याओं को लेकर PRKS ने CWE को ज्ञापन सौंपा। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पी.आर.के.एस.), कारखाना मंडल इज्जतनगर की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्य कार्यशाला अभियंता (CWE), पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा गया

शेयर करे

संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार/हरिद्वार गोरखपुर इज्जतनगर रेलवे वर्कशॉप की समस्याओं को लेकर PRKS ने CWE को ज्ञापन सौंपा। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पी.आर.के.एस.), कारखाना मंडल इज्जतनगर की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्य कार्यशाला अभियंता (CWE), पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कार्यशाला में कर्मचारियों को हो रही समस्याओं तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर वर्कशॉप में बारिश के दौरान शेड से पानी टपकने की समस्या उठाई गई। संघ ने बताया कि बारिश के समय कई स्थानों पर शेड से पानी टपकने के कारण कर्मचारियों को कार्य करने में कठिनाई होती है। इससे कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने के साथ-साथ मशीनरी एवं कार्य सामग्री के खराब होने की आशंका भी बनी रहती है। संघ ने शेडों की शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक मेंटेनेंस कराने की मांग की।

इसके साथ ही वेल्डर कर्मचारियों के ड्रेस अलाउंस (Dress Allowance) का उचित लाभ दिलाने तथा वेल्डिंग कार्य के लिए आवश्यक सुरक्षा वस्त्र एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। संघ ने कहा कि वेल्डिंग कार्य जोखिमपूर्ण होने के कारण कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन में शौचालयों की दयनीय स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। कर्मचारियों के लिए बने शौचालयों की स्थिति में सुधार, नियमित साफ-सफाई तथा सभी शौचालयों पर Hand Wash की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की गई।

इसके अलावा कारखाना के मुख्य द्वार पर बारिश के समय होने वाले जलभराव की समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया गया। जलभराव के कारण कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आने-जाने में काफी परेशानी होती है। संघ ने मुख्य द्वार एवं आसपास उचित जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।

ज्ञापन सौंपते हुए पंकज दत्त भट्ट,मंडल मंत्री एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष,पी.आर.के.एस./एन.एफ.आई.आर. ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेलवे प्रशासन द्वारा इन समस्याओं का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में श्री प्रकाश,अनिल गौतम,रितेश्वर सिंह,अनिल पुंडिल,बृजेश, नरंजन,महरूम खान,राशिद खान,अर्जुन सिंह,बन्नी सिंह, अजय कुमार,सुदर्शन शर्मा, सचिन कुमार,सैयद हामिद एवं पंकज दत्त भट्ट सहित अन्य कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे। संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत रहेगा।