चारों ओर पानी, बीच में जिंदगी: लक्सर पुलिस और SDRF ने जलभराव में फंसे पिता-पुत्र को सुरक्षित निकाला”

शेयर करे

संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार लक्सर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बसेड़ी क्षेत्र में जलभराव के बीच एक निर्माणाधीन मकान में पूरी रात फंसे पिता-पुत्र को कोतवाली लक्सर पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से दोनों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, रुड़की कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बसेड़ी, लक्सर के समीप एक निर्माणाधीन मकान चारों ओर से पानी से घिर गया है, जिसमें दो व्यक्ति बीती रात से फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली लक्सर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जलभराव के बीच जोखिम उठाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

पूछताछ में उनकी पहचान श्री राम (60 वर्ष) और उनके पुत्र संजय (40 वर्ष) निवासी ग्राम सिमली, लक्सर के रूप में हुई। दोनों निर्माणाधीन मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे। अचानक जलस्तर बढ़ने से मकान चारों ओर से पानी से घिर गया और वे बाहर नहीं निकल सके।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से दोनों व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में लोग अनावश्यक रूप से जलभराव वाले और जोखिम भरे क्षेत्रों में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस, प्रशासन या आपदा राहत एजेंसियों को सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और प्रभावी राहत अभियान बताया।