प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह: दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर घायल
संपादक पुरुषोत्तम खरोला हरिद्वार
SC/ST एक्ट समेत हत्या का मुकदमा दर्ज
लंबगांव/टिहरी। टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक दलित युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में युवक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार दैदल गांव निवासी केतन लाल पुत्र धनपाल लाल का पड़ोसी गांव खोलागढ़ की एक युवती से पिछले करीब छह माह से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि रविवार देर रात युवती के परिजनों ने केतन को फोन कर गांव बुलाया। केतन अपने मित्र दिवाकर डिमरी के साथ बाइक से खोलागढ़ पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि गांव पहुंचते ही दोनों युवकों को घेर लिया गया और एक कमरे में बंद कर पूरी रात लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। सोमवार सुबह युवती के परिजनों ने केतन के पिता को फोन कर बेटे को ले जाने के लिए कहा। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।
केतन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबगांव ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं घायल दिवाकर डिमरी को जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, तीन टांके लगाए गए हैं तथा हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण प्लास्टर किया गया है। चिकित्सकों ने सीटी स्कैन की सलाह दी, जिसके बाद उसे ऋषिकेश भेजा गया।
घायल दिवाकर ने बताया कि गांव पहुंचते ही कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया और रातभर मारपीट की। उसके अनुसार केतन को सबसे अधिक पीटा गया। उसने युवती के पिता, दादा सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी थानाध्यक्ष शिवराम ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर युवती के पिता समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
केतन अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी या नहीं तथा इसमें कितने लोग शामिल थे।


